
राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने बांटी पूजन सामग्री ।
पटना
तीन दिनों तक चलनेवाला लोक आस्था का महापर्व छठ 31 अक्टूबर को नहाय - खाय के साथ शुरू हो रहा है। इसकी पूर्व संध्या पर बुधवार को पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में छठ पूजन सामग्री वितरण समारोह का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा एवं उनकी पत्नी श्रीमती रीता किशोर सिन्हा ने यहां बड़ी संख्या में आए छठव्रतियों को सूप, दौरा, नारियल, फल एवं अन्य पूजन सामग्री प्रदान की। इस मौके पर दिल्ली से आई एसआईएस की सीईओ रत्ना सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
राज्य सभा सांसद श्री सिन्हा ने कहा कि छठ पर्व आज बिहार की सांस्कृतिक पहचान बन गया है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें कोई आडंबर नहीं है। सही मायने में यह प्रकृति की पूजा है, जिसमें पवित्रता, स्वच्छता, भाईचारा और आपसी सद्भाव दिखता है। यही कारण है कि धीरे - धीरे यह महापर्व दुनियाभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।
उल्लेखनीय है कि श्री सिन्हा हर साल छठ के अवसर पर छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण करते हैं। इस साल भी उन्होंने अपनी इस परंपरा का निर्वाह किया।उक्त अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा नेता राजेश मुखिया,संजय राय, रणबीर कुमार,धर्मेंद्र यादव,गुड्डू जी,धीरेन्द्र सिंह,रूपेश कुमार सिंह,सतीश राजू,दीनदयाल प्रसाद,मनीष किशोर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।